आगरा। कांच कारोबारी को फोन करके 20 लाख की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को एत्मादपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी की हत्या करने की भी योजना बनाई जा रही थी।
कांच कारोबारी मुस्लिम पुत्र हाजी पुन्नी खां ने विगत चार फरवरी को शिकायत की थी कि उससे फोन पर 20 लाख रुपये की चौथ मांगी गई है। कारोबारी ने पुलिस को वह मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया, जिससे फोन किया गया था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करने के बाद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई थीं। डीसीपी सोनम कुमार ने बताया एक सूचना पर पुलिस ने विगत दिवस सतौली, एत्मादपुर के पास स्थित विनायक मैरिज होम के नजदीक से दीपक कुमार पुत्र विश्वजीत को गिरफ्तार किया। यह अभियुक्त श्यामवीर धर्मशाला के पास नगरा विष्णु, थाना लाइन पार, फिरोजाबाद का निवासी है।
पूछताछ में अभियुक्त ने जो कुछ बताया, उससे पुलिस के भी कान खड़े हो गए। दीपक ने बताया कि मुस्लिम के फिरोजाबाद स्थित कारखाने में उसके पिता काम करते थे। मुस्लिम ने उन्हें नौकरी से हटा दिया था। इसी वजह से उसके मन में गुस्सा था। उसने ठान लिया था कि मुस्लिम को मार देगा। उसके दोस्तों ने इसमें उसका साथ देने की बात कही थी। इसी क्रम में 24 जनवरी को फिरोजाबाद से एक मोबाइल चुराकर उसी से व्यापारी मुस्लिम को चौथ देने के लिए धमकाया था। दीपक ने बताया कि वह एक पिस्टल भी खरीदने की तैयारी में था। इसी सिलसिले में एत्मादपुर में सतौली के पास आया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।











