आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छलेसर कैंपस के एक छात्र का वीडियो वायरल हो रहा है। छात्र का आरोप है कि संविदा शिक्षक के द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद जूनियर छात्रों से उसकी पिटाई कराई गई। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से भागा।
बुधवार शाम को एक छात्र का एक मिनट 25 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ है। छात्र बता रहा है वह एमए योगा लास्ट ईयर का छात्र है, उसका नाम नीरज अग्रवाल है। इस समय एग्जाम चल रहे हैं। बुधवार को लास्ट एग्जाम दोपहर तीन से शाम 6:00 की पाली में था। परीक्षा के दौरान संविदा शिक्षक रवि वर्मा ने जूनियर छात्रों की ड्यूटी लगा दी। जूनियर छात्रों के द्वारा सीनियर छात्रों की चेकिंग की जाने लगी। इसका विरोध करने पर संविदा शिक्षक रवि वर्मा ने उसे डंडे से पीटा। इसके बाद उसके थप्पड़ ही थप्पड़ मारे। नीरज का कहना है कि एग्जाम खत्म होने के बाद जब वह नीचे उतरा तो 50-60 लड़के खड़े थे। यह रवि वर्मा ने ही खड़े किए थे। वह अपनी वहां से जान बचाकर भागा। नीरज का कहना है कि भविष्य में अगर उसके साथ कोई घटना होती है तो उसके जिम्मेदार संविदा शिक्षक रवि वर्मा होंगे।











