आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक ओर देहात क्षेत्र के पक्का तालाब के पास एक युवक मृत अवस्था में मिला, तो दूसरी ओर पलिया क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे चालक का शव बरामद हुआ। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पक्का तालाब के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सुबह जब स्थानीय लोग तालाब की ओर गए तो उन्होंने एक व्यक्ति को जमीन पर पड़े देखा। काफी देर तक कोई हरकत नहीं होने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान नैना पुत्र भागीरथ (32 वर्ष) निवासी खंडेर के रूप में की। बताया गया है कि मृतक टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को शराब पीने की लत थी। प्रारंभिक तौर पर मामला शराब के नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वही दूसरा शव पलिया गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजस्थान के धौलपुर जनपद के मनिया (धौलपुर) निवासी ट्रक चालक शिवम पुत्र महेश चंद्र (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और चालक का शव उसके नीचे पड़ा मिला।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।











