आगरा। दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। गोवर्धन पूजा का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। दिवाली के बाद मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा में भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का प्रसाद भोग में जरूर चढ़ाया जाता है। गोवर्धन पूजा से पहले आगरा के बाजार अन्नकूट की तैयारियों के लिए 100 से अधिक किस्मों की सब्जियों से सज गए हैं। केले के फूल, जमीकंद और अमेरिकन कद्दू जैसी खास सब्जियां 100 से 220 रुपये किलो तक बिक रही हैं। बाजार में इन्हें लेने के लिए भीड़ लगी हुई है।
बता दें अन्नकूट सिर्फ सब्जियों का मिश्रण नहीं है, बल्कि यह 56 भोग का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के क्रोध से ब्रजवासियों को बचाने के बाद ग्रहण किया था। अन्नकूट की सब्जी की खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए न तो पहले से कोई तैयारी करनी पड़ती है और न ही किसी खास सब्जी की ही जरूरत पड़ती है। अन्नकूट का प्रसाद बनाने के लिए कई तरह की मौसमी सब्जियों का ही इस्तेमाल किया जाता है। केले के फूल से लेकर अमेरिकन कद्दू तक की डिमांड बाजार में देखी जा रही है।










