आगरा। शनिवार को प्रतापपुरा क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खुदाई कर रही क्रेन अचानक असंतुलित होकर पास में स्थित शराब के ठेके और एक मकान पर जा गिरी। हादसा होता देख चीख पुकार मच गई।
आगरा में हर तरफ मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। आए दिन इसमें लापरवाही भी देखने को मिल रही हैं। शनिवार को एक और हादसा देखने को मिला। देवीराम हलवाई के पास एमजी रोड पर करीब 25 फीट ऊंची क्रेन खुदाई का कार्य कर रही थी। अचानक ही इस मशीन का पहिया जमीन में धंस गया। इस वजह से मशीन करुणा नगर निवासी प्रभुकांत नागर के मकान पर गिर गई। उनके घर में आगे की ओर शराब का ठेका है। पीछे की ओर परिवार रहता है। मशीन शराब के ठेके की छत पर गिरी, जिससे ये दुकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घर के पीछे हिस्से में परिवार के लोग सो रहे थे। मशीन गिरने के साथ ही तेज धमाका हुआ, जिससे परिवार के लोग जाग गए। लोगों में भारी आक्रोश था।











