आगरा। सिटी स्टेशन रोड पर टीला माईथान पर 30 घरों को गिरासू हालत में होने का नगर निगम के द्वारा नोटिस दिया गया है। नोटिस मिलने के बाद लोगों के बीच में खलबली मच गई है। नगर निगम के अधिकारी ने नोटिस में यह भी लिखा है कि जो 6 मकान गिरे थे उनकी वजह से इन 30 मकानों में दरारें आई हैं।
बता दें कि टीला माईथान पर 9 महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। बेसमेंट की खुदाई की जा रही थी। इस वजह से वहां 6 मकान गिर गए। एक चार साल की बच्ची की मृत्यु हो गई। नगर निगम के अधिशासी अभियंता की ओर से 30 मकान स्वामियों को नोटिस दिया गया है। इसमें लिखा है कि सिटी स्टेशन रोड पर धर्मशाला में हो रहे निर्माण कार्य के दौरान खुदाई की प्रक्रिया में टीला माईथान क्षेत्र के कुल 30 भवनों में दरारें उत्पन्न हो गई हैं, जिसमें आपका भवन भी सम्मिलित है। गिरने से कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। आपके भवन को गिरासू घोषित किया जाता है। आप अपने भवन को तत्काल खाली दें। मकान को गिरासू घोषित किए जाने का नोटिस मिलने के बाद लोगों के बीच में खलबली मच गई है। वह बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वह कहां जाएंगे? प्रशासन द्वारा उन्हें मकान उपलब्ध कराए जाएं।










