आगरा। लघु उद्योग भारती की ओर से पहली बार आयोजित किए जा रहे प्रदेशभर के लघु उद्यमियों के महाधिवेशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। केएनसीसी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, लघु उद्योग भारती के साथ तीन महीने में तीसरी बार जुड़ने का मौका मिला।
लघु उद्यमियों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साफ नीयत, बेहतर संवाद के साथ व्यवसाय के लिए आगे बढ़ें। उद्योग के क्षेत्र में यूपी को आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता, डबल इंजन की सरकार बचनबद्ध तथा पूरी प्रतिबद्धता के साथ आपके साथ खड़ी है, आपकी सुरक्षा, संरक्षा हेतु सरकार आपके साथ है।
भारत में प्राचीन काल से ही लघु उद्यम का महत्वपूर्ण स्थान है। प्रधानमंत्री के आशीर्वाद और प्रेरणा से इसे पुनर्जीवित करने का काम ओडीओपी के माध्यम से किया गया, जिसमें डिजाइन, तकनीकि, पैकिंग, मार्केट उपलब्ध कराने का सरकार द्वारा प्रयास किया गया जिसके अच्छे परिणाम देखने को मिले, और पांच वर्ष में ढाई सौ गुना एक्सपोर्ट बढ़ा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति पर बोलते हुए कहा कि आज यूपी की कानून व्यवस्था नजीर बनी है। हम सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे, चाहे वो कोई भी हो।











