आगरा। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने को लेकर इलेक्ट्रिक बस के ड्राइवरों ने शुक्रवार सुबह से हड़ताल शुरू कर दी है। फाउंड्री नगर डिपो पर उन्होंने प्राइवेट कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन एक प्राइवेट कंपनी के द्वारा किया जा रहा है। ड्राइवरों का आरोप है कि तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। शुक्रवार सुबह उन्होंने मांगे पूरी करने के नारे लगाए। ड्राइवरों को कहना था कि वेतन नहीं मिलने से वह बच्चों की फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। घर में राशन लेकर नहीं जा पा रहे हैं। बिजली का भी बिल जमा नहीं किया है, जिस वजह से कनेक्शन कट गए हैं। कई बार अधिकारियों से भी उन्होंने शिकायत की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।











