आगरा। गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहे एक इनामी अपराधी को एत्माउद्दौला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस लंबे समय से उसे पकड़ने में लगी हुई थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। आज इसके पकड़े जाने के बाद अधिकारियों ने इंस्पेक्टर की पीठ थपथपाई है।
शातिर अपराधी रमेश चावला उर्फ नानक पुत्र हेड सिंह निवासी ग्राम खुरमाबाद, मध्य प्रदेश पर गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित होने पर 25 हजार का इनाम घोषित था। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे को आज सुबह मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि यमुना ब्रिज स्टेशन के पास से वह कहीं जाने वाला है। वह फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और नाकाबंदी शुरू कर दी। उसके दिखने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गुजरात के एक बड़े गैंग का सदस्य है पकड़ा गया अपराधी
गिरफ़्तार शातिर अपराधी रमेश गुजरात के एक बड़े गैंग का सदस्य है। यह गैंग डुप्लीकेट चाभी बनाने के साथ बड़े-बड़े घरों में चोरियों का काम करता है। गैंग का लीडर परगट सिंह निवासी गुजरात है। इंस्पेक्टर देवेंद्र ने बताया कि रमेश के खिलाफ एत्माउद्दौला थाने में वर्ष 2021 व 2022 में गैंगस्टर एक्ट सहित तीन मुकदमे व सदर बाजार थाने में भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2024 में उस पर 10 हजार का इनाम घोषित हुआ था। इसके पकड़े नहीं जाने पर 2025 में उस पर डीसीपी ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने इसे पकड़ना चुनौती के रूप में लिया था।











