आगरा। जनकपुरी महोत्सव में उमड़ी भीड़ के दौरान व्यापारी नेता के छोटे भाई की पत्नी की हाथों से सोने की चूड़ियां अंतराज्यीय बांगड़ी कटिंग गिरोह के सदस्यों ने निकाली थीं। सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग से मिले सुराग की मदद से सिकंदरा पुलिस ने वारदात करने वाले वाले गिरोह के दो सदस्यों इरफान और गणेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से चूड़ी बरामद कर ली हैं।
पकड़े गए आरोपित इरफान और गणेश महाराष्ट के ठाणे के रहने वाले हैं। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह महोत्सवों में उमड़ने वाली भीड़ का फायदा उठाकर जेवरात गायब कर देते थे। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि आठ अक्टूबर को शाहगंज निवासी व्यापारी नेता हेमंत भोजवानी परिवार के साथ जनकपुरी महोत्सव में आए थे। जनकपुरी महल के दर्शन करने के दौरान उनके छोटे भाई किशोर कुमार की पत्नी राधिका के हाथों से 30 ग्राम सोने की दो चूड़ियां निकाल ली गईं थीं। मामले में नौ अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान के बाद 13 अक्टूबर को पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई थी।










