आगरा। कल 23 अक्टूबर को एमएलसी चुनाव के लिए मतदान होना है। इसके चलते पूरे प्रदेश में शराब की दुकानें बंद रहेगी। 27 अक्टूबर को मतगणना के दिन भी शराब की दुकान बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
कल शुक्रवार को विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान होगा। इनमें पांच स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। आगरा मंडी समिति से गुरुवार को सुबह 10:00 बजे से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना की गई। इस दौरान मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल भी मौजूद रहे। कल सुबह 8:00 से शाम 4:00 तक मतदान होगा। मतदान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी अथवा सार्वजनिक उपक्रमों एवं अन्य संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, सांसदों/विधायकों/पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री/डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड शामिल हैं। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्री अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए प्रत्येक कार्मिक सामग्री प्राप्त करने से लेकर उसे निर्धारित स्थल पर जमा कराने तक पूरी सतर्कता बरते। मतदान खत्म होने के बाद बैलेट बाक्स को सील कर गल्ला मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराना होगा। मतदाता को वरीयता अंकित करने के लिए निर्धारित बैंगनी स्केच पेन ही उपलब्ध कराया जाए।











