आगरा। आगरा में बीती रात दिवाली पर आतिशबाजी की वजह से पटाखे की चिंगारियों से कई जगह पर आग लग गई। करीब 12 जगह पर आग लगने की घटना सामने आई है। पूरी रात दमकलें आग बुझाने के लिए दौड़ती रहीं।
बिचपुरी रेलवे स्टेशन के पास आतिशबाजी की चिंगारी से एक फल की दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेज थी की पूरी दुकान जलकर राख हो गई। आग लगने से आसपास के घरों में भी अफरा तफरी मच गई। जगदीशपुरा में लक्ष्मी नगर में एक जूते की फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में केमिकल और चमड़े का सामान रखा हुआ था। इससे आग और ज्यादा भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि फैक्ट्री मालिक का कुछ लोगों पर आग लगाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मौके पर पांच दमकलें आग पर काबू पाने पहुंची लेकिन आग इतनी भयावह थी कि वह आग पर काबू नहीं पा सकी। गनीमत रही जहां-जहां आग लगी वहां कोई जनहानि नहीं हुई।











