आगरा। एक महिला की पिटाई का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में उसका पति खंभे से उसे बांधकर बेरहमी से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। वह महिला पर डंडे बरसाने के साथ जमीन पर उसे घसीटता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
कुसुमा देवी की शादी 17 साल पहले गांव अरसेना निवासी श्याम बिहारी से हुई थी। पति शराब पीने का आदी है। शराब पीने के बाद वह आए दिन कुसुमा के साथ में मारपीट करता है। 14 जुलाई के वायरल वीडियो में वह उसे बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। कुसुमा के हाथ खंभे से बंधे हुए हैं। वहीं पास में खड़े कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं, लेकिन कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आता। एएसपी हरीपर्वत सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।











