आगरा। आगरा में एमएलसी चुनाव के दौरान तीन मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी सामने आने के बाद चुनाव आयोग की तरफ से बड़ी कार्रवाई की गई है। लापरवाही बरतने पर चुनाव आयोग ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस इंस्पेक्टर समेत 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। 21 लोगों पर कार्रवाई होगी। चुनाव आयोग का यह आदेश आने के बाद खलबली मच गई है।
23 अक्टूबर को कुछ मतदान केंद्र पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे। फतेहाबाद में एक बूथ का वीडियो वायरल हुआ था। जिलाधिकारी ने तीन बूथ पर पुनर्मतदान की चुनाव आयोग से अनुमति मांगी थी। चुनाव आयोग ने सोमवार को तीनों बूथ पर पुनर्मतदान कराया है। 23 अक्टूबर को लापरवाही करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों की रिपोर्ट भी मांगी थी। जिलाधिकारी मनीष बंसल की रिपोर्ट के बाद फतेहाबाद ब्लाक के कक्ष नंबर एक में बूथ संख्या 26 के सेक्टर मजिस्ट्रेट और प्रभागीय वनाधिकारी विशाल राठौर, सेक्टर पुलिस अधिकारी और अपर निरीक्षक फतेहाबाद पुरुषोत्तम लाल, एकता थाना के उप निरीक्षक सुमित त्यागी, सैंया ब्लाक के कक्ष नंबर एक में बूथ संख्या 21 के सेक्टर मजिस्ट्रेट और जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी ओपी चक, सेक्टर पुलिस अधिकारी और क्राइम ब्रांच के निरीक्षक हरिशरण सिंह, एत्माद्दौला थाना के उप निरीक्षक संदीप कुमार को निलंबित किया गया है। बूथ संख्या 21 और 26 में तैनात मतदान कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसमें दोनों बूथों के पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारी हैं। वहीं 16 पुलिस कर्मियों में पांच मुख्य आरक्षी और 11 सिपाही शामिल हैं। जल्द ही इन्हें आरोप पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही इसकी रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।











