आगरा। आगरा खंड शिक्षक चुनाव के तीन बूथों पर कल मतदान होगा। सुबह 8:00 से 4:00 बजे तक यह मतदान होगा।
फतेहाबाद सहित तीनों बूथ में शुक्रवार को हुए मतदान को निरस्त कर दिया है। मतदान में गड़बड़ी की शिकायत सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने की थी। मतदान के दौरान फतेहाबाद ब्लाक कार्यालय के बाहर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ था। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के भतीजे अनिल तिवारी ने सपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की थी। कई कार्यकर्ता कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 26 में घुस गए। बैलेट पेपर को फैला दिया। सपा के बूथ एजेंट को बाहर निकाल दिया। इंटरनेट पर इसके कई वीडियो भी प्रसारित हुए। इसी तरह से सैंया ब्लाक कार्यालय के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 21 और खेरागढ़ तहसील के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 20 के बाहर हंगामा हुआ था। सपा प्रत्याशी डा. आकाश अग्रवाल ने रिटर्निंग अधिकारी और मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप से कमिश्नरी में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की। रिटर्निंग अधिकारी ने तीन बूथों में पुनर्मतदान का प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दिया। फतेहाबाद सहित तीनों बूथ पर सोमवर सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके लिए रविवार को कलेक्ट्रेट से तीन पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं।











