आगरा। शमसाबाद के एक विद्यालय के शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की जा रही हैं। मामले में थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ब्लॉक क्षेत्र के लहरा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में तैनात शिक्षक आशुतोष शर्मा द्वारा स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की जा रही हैं, जिसका विरोध विद्यालय में तैनात शिक्षिका और छात्राओं के परिजन कर रहे हैं। आरोप है कि शिक्षक अपनी लाइसेंसी बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। पूर्व में शिक्षिका और ग्रामीणों द्वारा थाने में दबंग व अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक की शिकायत भी की गई लेकिन पुलिस और शिक्षा विभाग द्वारा कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई। दबंग शिक्षक पर कार्रवाई ना होने की वजह से ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह से ही स्कूल का ताला लगाकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने स्कूल प्रांगण को चारों तरफ से घेर लिया। इसी दरम्यान शिक्षक आशुतोष शर्मा स्कूल पहुंच गए। घिनौनी हरकत करने वाले शिक्षक को स्कूल पर देखकर ग्रामीणों में रोष पनप गया और शिक्षक तथा ग्रामीणों में नोकझोंक होना शुरू गई।
छात्रा और उनके परिजनों के द्वारा मंगलवार सुबह जिलाधिकारी के पास जाकर भी मामले में शिकायत की गयी। उच्च अधिकारियों द्वारा मामले पर संज्ञान लिया गया। इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।
थानाध्यक्ष शमसाबाद आलोक कुमार दीक्षित ने बताया कि लहरा गांव निवासी गोपाल पुत्र लीलाधर द्वारा कम्पोजिट विद्यालय में छात्राओं के साथ आशुतोष शर्मा शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ करने की शिकायत पत्र मिला था। शिकायत पत्र के आधार पर शिक्षक आशुतोष शर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है।











