आगरा। भगवान टॉकीज चौराहे के पास मार्ग को अवरूद्ध कर टैंकर चालक द्वारा प्रदूषित पानी फैलाया जा रहा था। इसी दौरान यहां से गुजर रहे जिलाधिकारी की इस पर नजर पड़ गई। जिला अधिकारी के आदेश पर टैंकर ड्राइवर और खलासी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
शनिवार शाम को जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी भगवान टॉकीज चौराहे से गुजर रहे थे। तभी रास्ता अवरूद्ध कर रोड पर टैंकर चालक तथा खलासी प्रदूषित पानी तथा गंदे मलबे से भरे टैंकर को रोड पर पाइप के माध्यम से खाली कर रहे थे। जिलाधिकारी ने पूछताछ की तथा स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने, आम रास्ता अवरूद्ध करने पर मौके पर एसीएम प्रथम संजीव कुमार शाक्य को बुलाकर टैंकर ड्राइवर तथा खलासी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के सख्त निर्देश दिए।











