नई दिल्ली। दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक कामर्शियल बिल्डिंग में आग लगने से बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। खबर लिखे जाने तक आग से झुलसे हुए 27 लोगों के शव निकाले जा चुके थे। कई अन्य शव मिलने की आशंका है।
आग आज शुक्रवार शाम लगी। आग लगने की सूचना शाम साढ़े चार बजे मिली। दमकल की दर्जनों गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।आधी रात को आग बुझने के बाद भी आग धधक रही थी और धुआं उठ रहा था। अत्यधिक तापमान और पूरी तरह आग पर काबू न होने के कारण ऊपरी मंजिलों पर बचाव कार्य के लिए पहुंचना मुश्किल हो रहा था।
दिल्ली पुलिस ने लापरवाही के आरोप में बिल्डिंग के स्वामी दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है । केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये राहत राशि देने का ऐलान किया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली केसीएम अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर गहरा शोक जाहिर कियाहै।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इमारत में फंसे लोगों को खिड़की के शीशेतोड़कर निकाला गया। घायलों को एक अस्पताल में भर्ती करायागया है।
अभी पूरा थर्ड फ्लोर सर्च होना बाकी है। कई और लाशें मिलने की आशंका जताई जा रही है।
आग पहले बिल्डिंग की पहली मंजिल पर लगी। इस पर सीसीटीवी कैमरे और राउटर बनाने वाली एक कंपनी का कार्यालय है। फिर यह ऊपर की मंजिलों में भी फैल गई।











