आगरा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा के बीच आगरा सुरक्षित और फतेहपुर सीकरी लोकसभा के लिए दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। पहले दिन 44 नामांकन पत्र खरीदे गए। आगरा सुरक्षित सीट से ज्यादा फतेहपुर सीकरी सीट के लिए नामांकन खरीदने प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि पहुंचे। आगरा सुरक्षित सीट से नौ और फतेहपुर सीकरी सीट से 35 नामांकन पत्र खरीदे गए।नामांकन की प्रक्रिया 19 अप्रैल तक चलेगी, इस दौरान 13, 14 एवं 17 अप्रैल को अवकाश के दिन नामांकन नहीं होंगे। ऐसे में प्रत्याशियों पर अब नामांकन जमा करने के लिए चार दिन हैं।
फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर और कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार ने नामांकन पत्र खरीदे। फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी के लिए भी उनके भाई ने नामांकन पत्र खरीदा। रामेश्वर चौधरी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
इसके अलावा 77 साल के हसनूराम अंबेडकरी ने भी पहले दिन नामांकन पत्र खरीदा वे 98वीं बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वे वर्ष 1985 से लगातार चुनाव लड़ रहे हैं। वे हर बार हारने के लिए चुनाव लड़ते हैं और 100 बार चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं। हसनूराम अंबेडकर हर स्तर का चुनाव लड़ने के लिए नामांकन कर चुके हैं।
इसके साथ ही शहर में कमलानगर कालोनी में रहने वाले सेवानिवृत आईएएस डा चंद्रपाल ने भी नामांकन पत्र खरीदा। पूर्व आईएएस ने आदर्श समाज पार्टी बनाकर वर्ष 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा, उसके बाद से वे हर बार चुनाव लड़ रहे हैं। यह उनका चौथा लोकसभा चुनाव है।
यह है चुनाव कार्यक्रम
नामांकन 12 से 19 अप्रैल।
नामांकन पत्रों की जांच 20 अप्रैल।
नामांकन पत्रों की वापसी 22 अप्रैल।
मतदान सात मई सुबह सात से शाम छह बजे तक।
मतगणना चार जून सुबह सात बजे से।











