आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के द्वारा कानून व्यवस्था में सुधार के लिए एक के बाद एक बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इसी के चलते चार थाना प्रभारी और साइड लाइन किए गए हैं। उनकी जगह नए थाना प्रभारी भेजे गए हैं।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के द्वारा कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके कार्यकाल में चंद दिन में ही कई मुठभेड़ हो गई हैं। कई बड़े अपराधी सलाखों के पीछे भेजे गए हैं। इधर पुलिस कमिश्नर के द्वारा उन थाना प्रभारी को हटाया जा रहा है जो सिर्फ नाम के हैं किसी काम के नहीं। देर रात पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के द्वारा अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार द्विवेदी को प्रभारी निरीक्षक अछनेरा बनाया गया है। अपराध शाखा में ही तैनात इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को बासोनी थाने का प्रभारी बनाया गया है। थानाध्यक्ष जगनेर मदन सिंह को थानाध्यक्ष खेरागढ़, थानाध्यक्ष बमरौली कटारा सौरव सिंह को थानाध्यक्ष जगनेर, ज्वैलर्स हत्याकांड में खुलासे में शामिल रहे थानाध्यक्ष पिडौरा हरीश शर्मा को थानाध्यक्ष बमरौली कटारा, ज्वैलर्स हत्याकांड में अमन को मुठभेड़ में ढेर करने में शामिल रहे चौकी प्रभारी फैक्ट्री एरिया हरेंद्र कुमार को थानाध्यक्ष पिडौरा, साइबर क्राइम थाने में तैनात अजीत सिंह को थानाध्यक्ष मंसुखपुरा बनाया गया है। इंस्पेक्टर खेरागढ़ इंद्रजीत सिंह के ऊपर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके अलावा अछनेरा थाने में तैनात इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा की आए दिन शिकायतें आ रही थी। कोर्ट के आदेश की अवहेलना में उनके खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज हो गया है। पुलिस कमिश्नर उनकी कार्यशैली से बिल्कुल खुश नहीं थे। इसी के चलते उन्हें भी हटा दिया गया है। इंस्पेक्टर मनसुखपुरा सुदामालाल को भी हटा दिया गया है। उनके क्षेत्र के लोग आए दिन उनकी खराब कार्यशैली की शिकायत कर रहे थे। इसके साथ ही खनन में भी उनके संलिप्त होने की शिकायतें थीं। शिकायतों के चलते बासोनी थाने में तैनात सोहन पाल सिंह को भी हटा दिया गया है। पूर्व में भी पुलिस कमिश्नर ने तीन थाना प्रभारी साइड लाइन किए थे। इनमें इंस्पेक्टर फतेहपुर सीकरी धर्मेंद्र दहिया, इंस्पेक्टर बरहन उदयवीर सिंह, इंस्पेक्टर शाहगंज कुशल पाल सिंह शामिल थे। तीनों की ही काफी शिकायतें आ रही थी। धर्मेंद्र दहिया अपनी कार्यशैली को लेकर सबसे ज्यादा चर्चित थे। इधर अपराधी अमन को मुठभेड़ में ढेर करने में शामिल चार दरोगाओं को अच्छा चार्ज मिला है। इसमें एसआई योगेश नागर, गुरविंदर सिंह, हरेंद्र कुमार, हरीश शर्मा शामिल हैं। हरीश शर्मा ने ही सबसे पहले सीसीटीवी से अमन की शिनाख्त की थी।











