आगरा। ताजनगरी के प्रख्यात सर्जन यूरोलोजिस्ट अजय प्रकाश का आज सायं निधन हो गया। उनके निधन की खबर से चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
डॉ. अजय प्रकाश शांति वेद इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज के चैयरमेन थे। 18 घंटे के एक ही सत्र में 72 सिंगल होल सर्जरी करने का विश्व रिकॉर्ड भी उनके नाम था। इस उपलब्धि के लिए उन्हें पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा सम्मानित किया गया था। बताया जा रहा है कि आज दोपहर में लंच करने के बाद सोने चले गए थे। इसके बाद वे नहीं उठे। माना जा रहा है कि सोते समय हुए ह्रदयाघात से डॉ. अजय प्रकाश का निधन हुआ है। हाल ही में आगरा में हुए एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ आगरा के सातवें इंस्टॉलेशन समारोह में डॉ. अजय प्रकाश को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया था। उनकी गिनती शहर के प्रमुख सर्जन में होती थी। डॉ. अजय प्रकाश के निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर शुभचिंतकों और रिश्तेदारों का पहुंचना शुरू हो गया है। सर्जन डॉ. श्वेतांक प्रकाश उनके पुत्र हैं और गायनोकोलोजिस्ट डॉ.. ब्लॉसम प्रकाश पुत्रवधू। उनकी पुत्री डॉ. स्वाति प्रकाश पैथोलॉजिस्ट हैं।











