आगरा। नगर निगम सदन के दौरान भाग लेने आये पार्षदों व उनके परिजनों से अभद्रता करने वाले एनसीओ की सेवा समाप्त करने के नगर आयुक्त ने आदेश दिए हैं।
नगर निगम के सदन के दौरान विगत दिनों निगम कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सभी सभासद पहुंचे थे। कई सभासदों के साथ उनके परिजन भी आये हुए थे तथा वे बाहर बैठे हुए थे। सदन के बाहर एनसीओ उदयवीर तालियान की ड्यूटी थी। ड्यूटी के दौरान उक्त एनसीओ ने सदस्यों के साथ साथ उनके परिजनों से अभद्र व्यवहार किया तो सकते में आ गये। सदन के बाद पार्षदों ने इसकी शिकायत महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह से की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए मेयर ने इस घटना से नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को अवगत करा कर कार्रवाई करने को कहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त ने उक्त एनसीओ को सेवा से पृथक कर दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रवर्तन प्रभारी डाक्टर अजय सिंह ने बताया कि पूर्व में भी उक्त एनसीओ के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान लोगों को भड़काने की शिकायतें मिली थी जिस पर इसे नोटिस भी जारी किये गये थे। लेकिन इसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। उल्लेखनीय है कि पूर्व सैन्य कर्मियों को नगर निगम की कमेटी के माध्यम से अपने यहां नियुक्त करती है। इसी माध्यम से उसे नान कमिशंड आफीसर के रुप में तैनात किया गया था।










