आगरा। डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में नए कुलसचिव के रूप में डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आज अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने अधीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में सभी को अपना कार्य समय से करने के निर्देश दिए। इधर विश्वविद्यालय में आवारा कुत्तों के झुंड को देखकर वह अपनी गाड़ी से उतर गए और सुरक्षाकर्मियों की फटकार लगाई।
एक जुलाई को विनोद कुमार सिंह का लखनऊ विश्वविद्यालय से डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में कुलसचिव पद पर स्थानांतरण हुआ था। लखनऊ में नैक निरीक्षण होने के चलते वह आंबेडकर विश्वविद्यालय में नहीं आ पा रहे थे। आज उन्होंने सुबह आकर चार्ज ग्रहण किया। कुलसचिव ने अधीक्षकों के साथ बैठक कर कहा कि इस विश्वविद्यालय की छवि को सुधारने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। कुलसचिव ने परिसर में कुत्तों के झुंड को देखकर नाराजगी व्यक्त की। सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर उनकी फटकार लगाई, उनसे पूछा कि यह कुत्ते अंदर कैसे आ गए? अगर छात्रों को उन्होंने काट लिया तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। इस पर सुरक्षाकर्मी बोले यह तो ऐसे ही रोजाना आ जाते हैं। कुलसचिव ने कहा कि कल से एक भी कुत्ता अगर परिसर के अंदर दिखाई दे गया तो सुरक्षाकर्मियों की खैर नहीं है। सुरक्षाकर्मियों से यह भी कहा उन्हें पैसे बैठने के नहीं चौकन्ना रहने के मिलते हैं।











