आगरा। आगरा में सड़कों के धंसने से लगातार भ्रष्टाचार उजागर हो रहा है। गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बार शनिवार सुबह पालीवाल पार्क में सड़क धंसने से एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सड़क के नीचे की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। सुबह टहलने के लिए पार्क पहुंचे लोगों ने सड़क का हिस्सा धंसा देखा तो किनारे हट गए। इसका लाइव वीडियो भी सामने आया है।
पालीवाल पार्क के पास कुछ समय पहले ही सड़क निर्माण हुआ था। आज सुबह पार्क में टहलने के लिए लोग जा रहे थे। इसी दौरान सड़क करीब पांच से सात मीटर लंबाई तक धंसती चली गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
शहर में सड़क धंसने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले तीन महीने के दौरान दो दर्जन से अधिक स्थानों पर सड़कें धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। कहीं सड़क के बीचोंबीच गड्ढे बन गए तो कहीं सड़क का बड़ा हिस्सा नीचे बैठ गया। इन घटनाओं से वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।










