हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र में दो पक्षों में किसी बात को लेकर हुये झगड़े के मामले में हिरासत में लिये गये आरएसएस से जुड़े एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद थाना पुलिस और अधिकारियों के पसीने छूट गए। मामले में झगड़ा करने वाले व्यक्तियों सहित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण ह्रदयगति रुकना होना पाया गया है। सम्पूर्ण प्रकरण में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। इस घटना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
गांव विसाना निवासी राजकुमार चौहान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धर्म जागरण खंड संयोजक के पद पर कार्यरत थे। विसाना में वह पेड़े की दुकान करते थे। बताया गया है कि रात्रि में गांव में उनका कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। इसमें वह घायल हो गए। पुलिस हिरासत में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना को लेकर एसपी विकास कुमार वैद्य सहित जिले के अन्य अधिकारी व सभी थाना प्रभारियों ने चंदपा कोतवाली पर डेरा जमा दिया। डीएम रमेश रंजन भी चंदपा कोतवाली पहुंच गए। डीएम की मौजूदगी में एसपी विकास कुमार वैद्य ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि सोमवार को रात्रि के समय गांव बिसाना निवासी दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने राज कुमार चौहान को अपनी कस्टडी में लिया था। रात्रि के समय उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। जब पुलिस सुबह राजू चौहान की हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गई तब उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। एसपी ने इस घटना में लापरवाही के चलते एसएचओ सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। सूचना पर डीआईजी दीपक कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे।
मृतक रामकुमार का शव पुलिस की मौजूदगी में जब उनके गांव में पहुंचा तब समूचे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस दौरान भारी पुलिस बल सहित एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे सीओ सदर सीओ सिकंद्राराऊ मौके पर मौजूद थे। बाद में भारी शोक के बीच परिजनों ने चौहान का अंतिम संस्कार कर दिया।











