आगरा। आगरा में तैनात शिक्षामित्रों ने मांगों को लेकर रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली। आगरा डायट से यात्रा शुरू हुई। इसके बाद वो केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह के घर पर पहुंचे। घर के सामने प्रदर्शन किया। मंत्री को मांगों को लेकर ज्ञापन दिया।
प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले शिक्षामित्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र शामिल हुए। डायट परिसर से यात्रा लेकर सभी लोग केंद्रीय राज्यमंत्री के आवास पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने प्रदर्शन किया। संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र छौंकर ने कहाकि पूरे प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षामित्र परेशान हैं। इस महंगाई के दौर में उन्हें केवल 10 हजार रुपए का मानदेय दिया जा रहा है। इसमें गुजारा करना बड़ा मुश्किल है।
सरकार शिक्षामित्रों को सम्मानजनक मानदेय दे। जो शिक्षामित्र बीटीसी की योग्यता रखते हैं, उनको नियमों में संशोधन कराकर नियमित किया जाए। जब तक वो नियमित नहीं होते हैं तब तक उन्हें सम्मान जनक मानदेय 34 हजार रुपए दिए जाएं। टीईटी पास शिक्षामित्रों को नियमों को छूट देते हुए नियुक्ति दी जाए। इन मांगों को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री को ज्ञापन दिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से संघ के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से वार्ता कराने की मांग की।











