आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा अभी मुख्य परीक्षा का प्रथम सेमेस्टर का परिणाम जारी किया गया है। इस परिणाम में विश्वविद्यालय द्वारा एक नया कारनामा कर दिया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी किये गए परिणाम में कैटगरी सेक्शन में छात्रों की जाति दर्शायी गयी है। जबकि केटेगरी में छात्र का परीक्षा का स्वरूप दर्शाया जाता है कि छात्र द्वारा कौन सी परीक्षा दी गयी है। जैसे रेगुलर, पुनः परीक्षा।
मार्कशीट में जाति दर्शाए जाने को लेकर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव शर्मा ने इस बात का परीक्षा नियंत्रक के समक्ष कड़ा विरोध किया। गौरव शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय आखिर यह कर क्या रहा है। वह अब छात्रों को भी जाति के नाम पर बांटना चाह रहा है। ऐसा कतई नहीं होने दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि ये परिणाम समर्थ पोर्टल द्वारा जारी किया गया है। इस पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि बेशक समर्थ पोर्टल ने जारी किया है लेकिन विश्वविद्यालय के जिम्मेदार क्या देख रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की निजता का हनन हुआ है। अगर अतिशीघ्र इस समस्या का समाधान नही किया तो आंदोलन किया जायेगा। प्रदर्शन करने वालों में आशीष प्रिंस,अभिषेक कुमार, आरव पांडे उपस्थित रहे।











