आगरा। जगदीशपुरा में मंगलवार को बिजली विभाग के लाइनमैन को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
कारखाना संचालक जितेंद्र कुमार ने बिजली विभाग के लाइनमैन विवेक गुप्ता की एंटी करप्शन सैल में शिकायत की थी। विवेक गुप्ता ने बोदला में अपना कारखाना खोलने के लिए जिला उद्योग केंद्र में आवेदन किया था। इस पर उसे बैंक से कर्ज भी मिला। दो महीने से मशीन लगाने का काम चल रहा है, लेकिन अभी तक व्यवसायिक कनेक्शन नहीं लगा। 13 अक्टूबर को बिजली विभाग की टीम वहां पहुंची थी और कनेक्शन नहीं होने के चलते घरेलू कनेक्शन काट दिया था। विवेक गुप्ता के मुताबिक लाइनमैन ने कनेक्शन लगाने के लिए दस हजार की डिमांड की। पांच हजार उसे दे दिए थे। पांच हजार और देने थे, उन्होंने एंटी करप्शन को सूचना दे दी। मंगलवार दोपहर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पर एंटी करप्शन ने उसे रंगेहाथ हाथ पकड़ लिया।










