आगरा। नाई की मंडी थाना पुलिस ने 226 किलो गांजा बरामद किया है। दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.15 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से गांजा तस्करी की गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में थाना नाई की मंडी पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके से ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। यह आशंका जताई जा रही है कि गांजा किसी दूसरे राज्य से लाया गया था और आगरा सहित आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया, किस नेटवर्क के जरिए इसकी तस्करी हो रही थी और किन-किन शहरों में इसकी आपूर्ति की जानी थी। डीसीपी सिटी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है। पुलिस टीम आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्कों की गहन जांच कर रही है।











