आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ताजनगरी, शहर से लेकर गांव तक योगमय हो गई। विभिन्न संस्थाओं की ओर से योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए। एकलव्य स्टेडियम में भारी संख्या में लोग योग करने के लिए जुटे।
एकलव्य स्टेडियम में मुख्य अतिथि के रुप में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा मौजूद रहे। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने योग किया। पुलिस लाइन में आईजी रेंज आगरा दीपक कुमार, पुलिस अपर आयुक्त केशव कुमार चौधरी के नेतृत्व में सभी पुलिसकर्मियों ने योग किया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, आगरा में नवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक प्राचार्य डॉ. आईपीएस सोलंकी ने कहा कि योग, केवल योग दिवस पर करने का कार्य नहीं है। बल्कि, इसे हमें अपने दैनिक दिनचर्या में शामिल करना होगा। तभी हम इसके दूरगामी परिणामों से लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने आसनों में ताड़ासन, भुजंगासन, पद्मासन, वज्रासन, शवासन, सेतुबंध आसन, मकरासन, प्रणायाम में कपालभाति, उदगीद, उज्जाई, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी आदि कराते हुए उनके लाभों से भी अवगत कराया
इसके साथ ही शहजादी मंडी स्थित तारघर परिसर में बीएसएनएल के महाप्रबंधक श्याम सिंह ने अधिकारियों कर्मचारियों के साथ योग किया। सामाजिक संस्था ‘एक पहल’ के सहयोग से सुबह 6.30 बजे से 7.30 बजे तक योग शिविर का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक आंचल सेठ ने लोगों को योग की कई क्रियाओं से परिचित कराया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, ताड़ासन जैसी यौगिक क्रियाएं और आसन भी सिखाए।












