आगरा। बाह हाइवे पर गोली मारकर ट्रक लूटने के प्रयास के मामले से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस ने ट्रक और कार को कब्जे में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि साइड को लेकर विवाद हुआ है।
रविवार शाम 6.45 बजे बाह की ओर से सरिया से लदा ट्रक जा रहा था, और उसके पीछे कार जा रही थी। फरैरा गांव के पास ट्रक चालक को निशाना बनाकर गोली मारकर लूटने के प्रयास की सूचना से पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई। भदरौली पुलिस चौकी पर कार रोकी गई। कार के चालक ने पुलिस को बताया कि पीछे आ रहा ट्रक सड़क पर लहराता हुआ चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को भी रोक लिया। इधर हरकत में आई बाह पुलिस ट्रक को जरार चौकी पर ले आई। ट्रक के स्टाफ ने बताया कि उन्हें लगा कि गोली मारकर लूटने का प्रयास हो रहा है। इसलिए घबरा कर भागे थे। साइड को लेकर ईको कार वाले से विवाद हुआ था। उन्होंने पुलिस को ड्राइवर साइड गोली का निशान भी दिखाया। शीशा भी टूटा दिखाया। ईको में कई लोग सवार थे। इस संबंध में पूछे जाने पर बाह के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप दीक्षित ने बताया कि साइड को लेकर ईको सवार और ट्रक चालक के बीच विवाद हुआ था। विवाद में कार सवारों ने पत्थर मारा है।











