आगरा। सदर बाजार स्थित सुल्तानपुरा सर्राफा बाजार से 31 अक्टूबर को 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया। करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से पुलिस महिला तक पहुंची। उसके कब्जे से 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में महिला ने बताया कि बहू के इलाज के लिए लिया गया सात लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी शुरू की थी, लेकिन कर्ज उतरने के बाद भी उसकी चोरी की आदत नहीं छूटी।
घटना 31 अक्टूबर की है। थाना सदर बाजार क्षेत्र के सुल्तानपुरा सर्राफा बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर बुजुर्ग महिला ग्राहक बनकर पहुंची थी। उसने दुकान पर सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया, जिससे दुकानदार को उस पर कोई शक नहीं हुआ। इसी दौरान उसने मौका देखकर सोने की चूड़ियों के पांच सेट से भरा डिब्बा पार कर दिया और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से निकल गई। कुछ देर बाद दुकानदार को आभूषणों का डिब्बा गायब होने की जानकारी हुई तो दुकान में खलबली मच गई। काफी तलाश करने के बाद भी महिला का पता नहीं चला। इसके बाद दुकानदार ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला ने वारदात को अचानक अंजाम नहीं दिया था। वह कई दिनों से सर्राफा बाजार में घूम रही थी और दुकान की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उसने पहले बाजार की रेकी की और फिर ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची। मौका मिलते ही चूड़ियों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर बाजार थाना पुलिस के साथ सर्विलांस सेल और एसओजी नगर जोन की टीम को भी लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई। महिला की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस ने सर्राफा बाजार से लेकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हाईवे तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अलग-अलग स्थानों की फुटेज को जोड़कर पुलिस ने महिला के भागने का रास्ता तलाशा। जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम ग्वालियर तक पहुंच गई। चार नवंबर को मुखबिर से महिला के रेलवे कॉलोनी के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, बरामद माल की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये है। इसमें सदर बाजार से चोरी किए गए 15 लाख रुपये के आभूषण भी शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि कर्ज चुकाने के बाद भी उसने चोरी करना बंद नहीं किया। वह आगरा समेत कई शहरों में ज्वैलर्स की दुकानों पर ग्राहक बनकर पहुंचती और मौका देखकर आभूषण चोरी कर लेती थी। वह अकेले ही वारदातों को अंजाम देती थी। अब पुलिस बरामद हुए आभूषणों की पहचान कराने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला ने किन-किन दुकानों से जेवर चोरी किए थे और उसके खिलाफ दूसरे शहरों में भी मुकदमे दर्ज हैं या नहीं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।










