आगरा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के आखिरी दिन रविवार को आगरा की यातायात व्यवस्था अभ्यर्थियों की भीड़ के आगे लड़खड़ा गई।
रविवार को आगरा के 49 केंद्रों पर कुल 45,552 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पालियों में 22,776-22,776 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। परीक्षा की निगरानी के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। प्रशासन ने पहले से ही यातायात और अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे। पीईटी के आखिरी दिन यातायात का दबाव केवल एमजी रोड तक सीमित नहीं रहा। सिकंदरा चौराहा, आईएसबीटी, बेलनगंज, घटिया आजम खां और भगवान टॉकीज चौराहे पर भी परीक्षा छूटने के बाद वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जिन क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, वहां अभ्यर्थियों के एक साथ बाहर निकलने से सड़क पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई।










