आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण की ग्रेटर आगरा परियोजना रायपुर एवं रहनकलां के अन्तर्गत गोमतीपुरम टाउनशिप के आवासीय भूखण्डों का ऑनलाइन का शुभांरभ मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप द्वारा सोमवार को किया गया। इसके बाद घर बैठे या जनसुविधा केन्द्र द्वारा ग्रेटर आगरा परियोजना के आवासीय भूखण्डों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। टाउनशिप के पूर्ण विवरण के साथ प्रकाशित बुकलेट का भी आयुक्त द्वारा विमोचन किया गया। मल्टीमीडिया माध्यम से जनहित पोर्टल और एडीए पोर्टल से किए जाने वाली पंजीकरण की पूर्ण प्रक्रिया बताई गई।
तीसरे टाउनशिप के आंवटन प्रक्रिया का शुभारंभ होने पर मंडलायुक्त ने अपेक्षा जताई कि डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप ही टाउनशिप का विकास होगा। यहां रहने वाले लोगों को उचित व अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। आयुक्त ने बताया कि इस टाउनशिप में विभिन्न श्रेणियों में कुल 744 भूखण्ड हैं। जनहित पोर्टल https://janhit.upda.in एवं एडीए पोर्टल www.adaagra.org.in पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 है। एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि ग्रेटर आगरा परियोजना आगरा विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी परियोजना है। पूर्व में इस परियोजना के अन्तर्गत दो टाउनशिप (गंगापुरम और नर्मदापुरम) के आवासीय भूखण्डों का आवंटन हो चुका है।











