आगरा। आगरा ग्वालियर हाईवे के पास पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पूर्व सैनिक का दो बदमाशों ने एटीएम कार्ड छीन लिया। इसके बाद में उनके खाते से लाखों रुपए निकाल लिए। पीड़ित इस बात की शिकायत करने के लिए लगातार बुन्दू कटरा पुलिस चौकी और सदर थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पुलिस कमिश्नर के सख्त आदेश हैं कि पीड़ित की एक बार में सुनवाई होनी चाहिए। पीड़ित को किसी हाल में नहीं टहलाया जाए, उसके घर पर भी एफआईआर की कॉपी पहुंचाई जाए, लेकिन यहां तो एफआईआर हो ही नहीं रही है तो घर पहुंचाना तो दूर की बात है। एफआईआर कराने के लिए पीड़ित को फुटबॉल बनना पड़ रहा है। सारे काम का छोड़कर थाने और चौकी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
पूर्व सैनिक शिवदान सिंह ने बताया कि वह इटोरा के रहने वाले हैं। 23 मार्च की शाम को रोहता पर पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपए निकालने के लिए गए थे। वह एटीएम के अंदर रुपए निकाल रहे थे। इसी बीच पीछे से दो युवक एटीएम के अंदर पहुंच गए और उन्होंने उनको बातों में उलझा लिया और उनका कार्ड छीनकर मौके से भाग निकले। शिवदान ने 112 पर कॉल कर सूचना दी। दस मिनट में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। 112 पर पुलिस ने कहा आप थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज करा दीजिए। इसी बीच चोरों ने उनके खाते से 2,24,000 तीन बार में निकाल लिए। वह इस बात की शिकायत करने के लिए लगातार बुंदू कटरा चौकी प्रभारी और सदर थाने के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। कार्ड को छीनने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।











