आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने मोती कटरा क्षेत्र में मेट्रो के कार्य से हुए नुकसान के संबंध में गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारी और मेट्रो अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि विनाश के रास्ते विकास कतईं बर्दाश्त नहीं होगा। मेट्रो अधिकारियों को हिदायत दी वह लापरवाही न बरतें।
बीते दिनों कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मोती कटरा क्षेत्र में निरीक्षण किया था। जिसमें मैट्रो अधिकारियों को पेयजल, सीवर लाइन, तथा हटाए गए भवन स्वामियों के किराए की प्रतिपूर्ति के निर्देश दिए थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेट्रो की लापरवाही से मकान क्षतिग्रत होने के साथ-साथ दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं हो रही है, वहां के सीवर व पाइपलाइन चोक होकर खराब हो गई है जिससे यहां के नागरिकों का जनजीवन खतरे में है व जानमाल का खतरा भी उत्पन्न हो गया है।
योगेंद्र उपाध्याय ने बैठक में मैट्रो से प्रभावित क्षेत्र में सीवर उफान से गलियों में जलभराव पर कृत कार्यवाही तलब की। जिसमें मैट्रो के अधिकारियों बताया कि सीवर की निकासी को पंप लगाई गई हैं तथा पंप संचालन को एक ऑपरेटर नियुक्त है। मंत्री ने नई सीवर लाइन के कार्य में विलंब के लिए कड़ी नाराजगी व्यक्त की, मैट्रो के अधिकारियों ने बताया कि आज ही 53 लाख रुपए जलकल विभाग को अवमुक्त कर दिए गए हैं, जिलाधिकारी ने जीएम जलकल को सीवर लाइन पर गुणवत्तापूर्ण कार्य जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही जी एम जलकल को जलापूर्ति सुचारू करने हेतु निर्देश दिए। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री ने मेट्रो निर्माण से जिन भवन स्वामियों को विस्थापित होना पड़ा है, उनको मैट्रो द्वारा किराया प्रतिपूर्ति की समीक्षा की, जिसमें बताया गया कि सभी की किराया प्रतिपूर्ति कर दी गई है तथा एक डिप्टी चीफ इंजीनियर समस्या निस्तारण को नामित किया गया है। योगेंद्र उपाध्याय ने भवन स्वामियों से भी संबंधित कार्यों की तसदीक की तथा निर्देशित किया कि भवन स्वामियों की संतुष्टि तक मैट्रो को कार्य करना पड़ेगा।
बैठक में क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत में तकनीकी मजबूती हेतु मेट्रो तथा आईआईटी विशेषज्ञों की एक तकनीकी टीम को गठित करने पर सहमति बनी तथा टेक्निकल टीम द्वारा जो संस्तुति की जाएगी उसके अनुसार मरम्मत का कार्य किए जाने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार, अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव, मेट्रो प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद राय, मैट्रो की तकनीकी टीम, डॉ.अलौकिक उपाध्याय, हितेश लवानिया, जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रताप सिंह, सुनील करमचंदानी, क्षेत्रीय पार्षद मुन्ना लाल प्रजापति, पूर्व पार्षद मुकेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।










