आगरा। शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार सुबह जानवर का कटा सिर मिला। गुस्साए लोगों ने नमाज के बाद नारेबाजी कर दी। पुलिस ने लाठी फटकार कर आरोपियों को खदेड़ दिया। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए चार घंटे के अंदर आरोपी को खोज निकाला।
शाही जामा मस्जिद परिसर में शुक्रवार सुबह एक जानवर का कटा हुआ सिर थैले में रखा मिला था। नमाज पढ़ने आने वाले लोगों ने देखा तो आक्रोश फैल गया। डीसीपी सोनम कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और पेट्रोलिंग की। सभी को शांति से नमाज पढ़ने की अपील की गई। दोपहर में जुमा की नमाज में कुछ युवक हाथों में काली पट्टी बांधकर पहुंचे। नमाज पढ़ने के बाद कुछ युवकों ने मस्जिद में से ही नारेबाजी शुरू कर दी। मस्जिद से नारेबाजी करते हुए युवक बाहर निकले। पुलिस ने उन्हें शांति से घर जाने को कहा। नारेबाजी करने से रोकने की कोशिश पर युवकों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दे दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार कर युवकों को वहां से खदेड़ दिया। पुलिस ने मस्जिद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो उसमें एक युवक की तस्वीर सामने आई। फोटो के आधार पर पुलिस ने मंटोला के टीला नंदराम के रहने वाले नजरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।











