आगरा। आज गढ़ी रामी में राणा सांगा की जयंती पर रक्त महास्वाभिमान सम्मेलन आयोजित हो रहा है। सुबह से ही भारी संख्या में लोग पहुंचना शुरू हो गए हैं। एक बजे से सम्मेलन शुरू होगा। कार्यक्रम स्थल के साथ ही सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास की त्रिस्तरीय सुरक्षा है। नौ कंपनी पीएसी, एसएसएफ के साथ चार हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। शहर और सांसद के आवास की ओर आने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी की है।
सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन की ओर से संसद में राणा सांगा पर की गई टिप्पणी के बाद जमकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। 26 मार्च को क्षत्रिय करणी सेना ने सुमन के आवास पर प्रदर्शन किया था। पथराव किया था। इसमें कार्यकर्ता और कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। क्षत्रिय करणी सेना ने रामजीलाल सुमन के बयान की वजह से आज के कार्यक्रम के लिए आगरा को चुना। कुबेरपुर के पास गढ़ी रामी में राणा सांगा की जयंती पर रक्त महास्वाभिमान सम्मेलन हो रहा है। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि जिले में सात हजार का फोर्स है। वहीं झांसी, मेरठ, मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा सहित अन्य जनपदों से पुलिस फोर्स और नौ कंपनी पीएसी आई है। चार हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा भारी मात्रा में फोर्स रिजर्व में रहेगा, जो जरूरत के हिसाब से संबंधित स्थान पर पहुंचेगा। सभास्थल से लेकर सांसद आवास तक आठ सौ बैरियर लगाए गए हैं। शहर में 24 स्थानों में चेकिंग पोस्ट बनाए गए हैं। प्रत्येक चेकिंग पोस्ट पर इंस्पेक्टर के अलावा सौ पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।











