आगरा। कोरियर कंपनी से 15 लाख रुपये चोरी करने के आरोपित को रकाबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित से 11 लाख रुपये के साथ सोने के आभूषण और मोबाइल बरामद किया है। चोरी को खोलने में चौकी प्रभारी बालूगंज श्याम सुंदर की भूमिका अहम रही।
बसई खेरागढ़ के निवासी राजकुमार सिंह ने थाना रकाबगंज में 21 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि वह पीतांबरा एक्सप्रेस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कोरियर सेवा चलाते हैं, जिसकी शाखा मथुरा में है। 17 सितंबर को उनके कर्मचारी ने प्राइवेट बस के हेल्पर गांव छान थाना दमोह भिंड निवासी अमित कुमार उर्फ गिर्राज को 15 लाख रुपये रखे पैकेट मथुरा में राजकुमार सिंह को देने के लिए दिया था। आरोपित ने पैकेट कोरियर संचालक को नहीं दिया। चौकी प्रभारी बालूगंज श्याम सुंदर ने बताया कि शनिवार को आरोपित को सेंट एंथोनी स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से 11 लाख रुपये व चोरी किए गए रुपयों से खरीदी गई सोने की एक अंगूठी, कान की बाली भी बरामद की गई है।









