आगरा। आगरा में आंबेडकर जयंती के मौके पर निकाली जा रही रैलियों के बीच आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-6 स्थित परशुराम चौक पर उस समय माहौल गर्मा गया, जब रैली में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने विवादित हरकत कर दी। दोपहर करीब 12:30 बजे आवास विकास से बाबा साहब के अनुयायियों की रैली निकल रही थी। इसी दौरान कुछ युवक परशुराम चौक पर चढ़ गए और वहां नीला झंडा लगा दिया। बताया जा रहा है कि वे जूते-चप्पल पहनकर ही चौक पर चढ़े, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। ब्राह्मण भी एकत्रित होकर वहां पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया।
ब्राह्मण समाज के लोगों का आरोप है कि अराजक तत्वों ने न सिर्फ चौक पर चढ़कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया, बल्कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। उनका कहना है कि यह सुनियोजित तरीके से माहौल बिगाड़ने की कोशिश थी। ब्राह्मण नेता मदन मोहन शर्मा ने कहा कि सभी लोग बाबा साहब का सम्मान करते हैं, लेकिन इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त एफआईआर दर्ज की जाए। बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग परशुराम चौक पर इकट्ठा हुए और जय श्रीराम के नारे लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इधर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार रैली के दौरान कुछ युवकों ने चौराहे पर झंडा लगाया था, लेकिन किसी भी तरह की तोड़फोड़ या हिंसा नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और कुछ लोगों द्वारा अफवाहें फैलाई गई थीं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर मौके पर फोर्स तैनात कर दी है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।











