आगरा। 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत और 11, 12 और 13 मार्च को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला जज के द्वारा न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक के बाद प्रचार रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार रथ पूरे जिले में लोक अदालत का प्रचार प्रसार करेगा
14 मार्च को दीवानी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हो रहा है। जिला जज संजय कुमार मलिक ने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत तथा विशेष लोक अदालत में चिन्हित वादों में कम से कम दो बार नोटिस भेजें। साथ ही भेजे गए नोटिस के तामिला पर भी ध्यान दें। अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर राष्ट्रीय लोक अदालत तथा विशेष लोक अदालत के लिए संदर्भित करें। जिससे राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके। जिला जज के द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ से आए हुए प्रचार प्रसार रथ/ वाहन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।

इस प्रचार प्रसार वाहन से आम जनमानस को भी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं समय समय पर आयोजित विशेष लोक अदालत की भी जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इस दौरान अपर जिला जज प्रथम पुष्कर उपाध्याय, अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत अमरजीत, सीजेएम मृत्युंजय श्रीवास्तव, स्पेशल सीजेएम अचल प्रताप सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विनीता सिंह एवं समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।











