आगरा। कागारौल स्थित भोला मंदिर प्रकरण में शुक्रवार को पुलिस द्वारा दोनों पक्षों पर मुकद्दमा लिखने से बौखलाए उपद्रवियों ने शनिवार देर शाम अचानक पथराव कर दिया जिसके चलते वहां हड़कंप मच गया। सड़क पर चलने वाले राहगीरों में भगदड़ मच गई। भयभीत दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानों के शटर नीचे गिरा दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख उपद्रवी वहां से भाग खड़े हुए और महिलाएं आगे आ गयीं।
शनिवार देर शाम कस्बा में भोला मन्दिर के पास कुशवाहा व गहलोत पक्ष में विवाद हो गया। विवाद ने एक दम बबाल का रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों के हौसले इतने बुलंद थे कि पुलिस के सामने पथराव जारी रहा। भोला मंदिर वाली गली ईंट पत्थरों से और कांच की बोतलों से पट गई। एसीपी सैयां मय सर्किल फोर्स के मौके पर पहुंच गये। अधिक मात्रा में पहुंचे फोर्स को देखकर उपद्रवी वहां से भाग निकले और केवल महिलाएं ही रह गई ।
लगभग 20 मिनट तक चले इस बवाल में किसी के हताहत होने की खबर अभी तक नहीं मिली है। एसीपी सैयां देवेश कुमार ने बताया मंदिर को लेकर दो पक्षों में काफी समय से विवाद चल रहा है। जिन पर शुक्रवार को मुकदमा भी लिखा गया है। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों ने झड़प की है। सीसीटीवी फुटेज देखकर जो लोग चिन्हित होंगे उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









