आगरा। मंडलायुक्त कार्यालय में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मिलने पहुंचे किसान कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वह किसानों की समस्याओं को मंत्री के सामने रखने आए हैं लेकिन पुलिस उन्हें उनसे मिलने नहीं दे रही। नाराज कार्यकर्ताओं ने पुलिस और कृषि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही आगरा में आयोजित मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान किसान कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर किसानों की समस्याओं को लेकर उनसे मिलने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। मुकेश डागुर का आरोप है कि बाजार बिक्री के लिए समय से नहीं खुल रहे हैं। आलू की बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। इसके साथ ही आलू किसानों को सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिल रहा है। मुकेश का कहना है कि इन्हीं समस्याओं को कृषि मंत्री के सामने रखने के लिए पहुंचे किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई और कार्यकर्ताओं ने पुलिस व कृषि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।











