आगरा। किरावली में रात में आलू चावल खाकर सोए परिवार के पांच लोगों की हालत बिगड़ गई। पड़ोसियों ने किसी के घर से बाहर नहीं निकलने पर अंदर जाकर देखा तो सभी बेहोश थे। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो बच्चों की मौत की खबर आ रही है। वहीं तीन लोगों की हालत गंभीर है, उनका उपचार चल रहा है।
राजस्थान के रहने वाले हुसैन किरावली में अपनी ससुराल के पास किराए पर रहकर मजदूरी करते हैं। रविवार रात परिवार के लोगों ने आलू चावल खाया था। इसके बाद चाय पी थी। इसके बाद सभी सोने चले गए। सोमवार सुबह जब काफी देर तक परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं आया तो पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो सभी बेहोश पड़े हुए थे। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली पहुंचाया गया। वहां से उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। दो बच्चों की मौत हो गई है। मृतक के मामा ने बताया बच्चों के शव उनके पैतृक गांव धंतुरी महुआ ले जाए गए हैं। अन्य तीन लोगों का उपचार चल रहा है।











