आगरा। सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में बुधवार को एसीपी ताजगंज व एलआईयू की संयुक्त टीम ने प्लाजा में संचालित कैफे पर छापा मारा। यहां से कई युवक युवतियां संदिग्ध हालत में पकड़े गए।
पुलिस कमिश्नर को लंबे समय से यहां पर संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। उन्होंने एलआईयू को मामले में गोपनीय जांच करने के निर्देश दिए। बुधवार को एसीपी एलआईयू कार्रवाई के लिए पहुंच गए। कार्रवाई के दौरान टीम ने सबसे पहले बारिस्ता कैफे सहित अन्य कैफे की जांच की। वहां मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ की गई और उनकी पहचान संबंधी जानकारी ली गई। इसके अलावा कैफे संचालकों से लाइसेंस, संचालन संबंधी अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जांचे गए। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मौके से करीब 20 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिन्हें पुलिस बस के माध्यम से थाने भेजा गया। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस और प्रशासन ने तीन कैफे और दो मिनी सिनेमाघरों को सील करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इन प्रतिष्ठानों के संचालन, अनुमति और गतिविधियों को लेकर गंभीर अनियमितताओं की आशंका जताई गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की जा रही है।










