आगरा। रकाबगंज थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि थाने की पुलिस जुआ लूटने के लिए पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने एक युवक को छत से नीचे फेंक कर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वह हंगामा कर रहे हैं। बवाल होता देखकर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पुलिस कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होकर उन्हें न्याय मिलना चाहिए।
बताया जा रहा है शुक्रवार रात को रावली महादेव मंदिर के पास एक छत पर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पैसे की लूटपाट को लेकर पुलिस और जुआरियों के बीच में हाथापाई होने की बात कही जा रही है। आरोप है कि ललित नाम के युवक को पुलिस ने तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद क्षेत्रीय लोग एकजुट हो गए और हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने ललित की हत्या की है। कुछ दिन पहले भी पुलिसकर्मी आए थे और लूटपाट करके गए थे। क्षेत्रीय लोगों के द्वारा रोड पर जाम लगा दिया गया है। अधिकारी मामला शांत करने में लगे हुए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है युवक की गिरने से मौत हुई है। इधर बीते दिनों मलपुरा पुलिस पर भी युवक की हत्या करने के आरोप लगे थे। मामले में हंगामा हुआ था। सवाल खड़े हुए थे नाली के ऊपर पत्थर रखा था तो युवक का शव नाली में नीचे कैसे पहुंच गया। शव चौकी के पीछे नाली में मिला था। न्यू आगरा पुलिस पर भी एक अधिवक्ता को छत से फेंकने का आरोप था। पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। अभी विवेचना प्रचलित है, जिन पर हत्या का आरोप था वह चार्ज पर हैं।









