आगरा। आगरा में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में ट्रांसफर होकर आए अमित कुमार ने शुक्रवार को विकास भवन में जाकर चार्ज ग्रहण कर लिया है। चार्ज ग्रहण करने के बाद उन्होंने संबंधित विभागों की जानकारी ली। इसके साथ ही कहा कि फरियादियों की समस्याओं को समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बीते दिनों शासन ने कानपुर देहात के अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार का आगरा में सीडीओ पद पर ट्रांसफर किया है। अमित कुमार हाल ही में आईएएस पद पर प्रोन्नत हुए हैं। मुख्य विकास अधिकारी के रूप में आगरा उनके लिए पहला जिला है। नवागत मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने चार्ज लेने के बाद अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले में विकास संबंधी गतिविधियों का समन्वय और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी होगी। सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता में है। इसके साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, आवास, मनरेगा और पंचायत विकास पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ अधिकारियों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं वह जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें।











