आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के टेड़ी बगिया पर घर में सहेली को रखने का विरोध कर रहे भाई ने मंगलवार रात देर रात बहन को गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से घायल युवती को गंभीर हालत में दिल्ली गेट स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता ने अपने बेटों के विरुद्ध तहरीर दी है।
घटना मंगलवार की रात लगभग 11 बजे की है। विकास नगर में अपने घर में बेबी किचन में काम कर रही थी। इसी दौरान परिवार में विवाद हुआ, जिसके बाद राहुल ने दूसरी मंजिल पर आकर बहन बेबी पर तमंचे से गोली चला दी। पीठ में गोली लगने से बेबी किचन में गिर गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर पिता कृपाल सिंह समेत परिवार के अन्य लोग भागकर दूसरे तल पर पहुंचे। घटना के बाद आरोपित वहां से भाग चुका था। स्वजन ने बेबी को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपित राहुल के भाई सुमेर की पत्नी राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि उनके घर में पिछले इस वर्ष से बेबी की सहेली रह रही है। जिसके बाद में घर में अक्सर लड़ाई झगड़े होते हैं। गोली मारने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।











