आगरा। एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में मां और बेटे के साथ मारपीट करने वाले तीन दबंगो को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो का आपराधिक इतिहास भी है। पुलिस के द्वारा पकड़े जाते ही उनकी हेकड़ी निकल गई।
रजनी पत्नी लोकपाल सिंह निवासी नुनिहाई ने थाने में तहरीर दी थी कि उनके बेटे सौरभ भदोरिया को 15 से 16 लोगों के द्वारा पीटा गया। वह बीच बचाव करने गई तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने पीयूष कश्यप, रितिक कश्यप, हर्ष कश्यप, भूरा, रवि कश्यप, बबलू यादव व सात से आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने तत्काल आरोपियों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी। इंस्पेक्टर का कहना था कि ऐसे दबंगो पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने बबलू यादव, रंजीत और रवि कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। बबलू यादव के ऊपर 6 मुकदमे दर्ज हैं। यह छह मुकदमे दो साल के अंदर ही दर्ज हुए हैं। रंजीत के ऊपर भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के पकड़ते ही आरोपियों के सर से दबंगई का भूत उतर गया। पुलिस अब अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुट गई है। तीनों को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर के अलावा उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, निर्दोष कुमार, अमित विमल, प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल आशीष आदि शामिल रहे।










