आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक बार फिर से दबंगों का आतंक बढ़ गया है। थाना पुलिस का उन्हें कोई खौफ नहीं है। इस बार नगला मोहनलाल में हथियारबंद युवकों ने दुस्साहस की हद पार करते हुए दो युवकों के घरों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोप है कि दबंग पहले फोन पर किसी से बातचीत करते रहे और इसके बाद असलहे लेकर सीधे घरों के बाहर पहुंच गए। यहां उन्होंने घरों के गेट और मकानों पर गोलियां बरसाईं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों में दुबक गए। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
नगला मोहनलाल में हुई इस वारदात में विवेक, पंजाबी और उनके साथियों के नाम सामने आ रहे हैं। आरोप है कि इन युवकों ने पहले फोन पर बातचीत की। इसके बाद दो अलग-अलग युवकों के घरों को निशाना बनाया। आरोपी वहां पहुंचे और घरों के गेट तथा मकानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने जिस तरह दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया, उससे यह महज हवाई फायरिंग का मामला नहीं, बल्कि दहशत फैलाने और अपनी दबंगई दिखाने की कोशिश प्रतीत हो रही है। इस घटना से जुड़े बताए जा रहे सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फुटेज में कथित आरोपियों की गतिविधियां सामने आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घरों के बाहर लगे कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई है तो आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है। फायरिंग की घटना के बीच एक धमकी भरा ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में एक युवक दूसरे व्यक्ति को धमकाते हुए कह रहा है, ‘बहुत असलहे हैं मेरे पास, मिलो तब बताऊंगा।’ इतना ही नहीं, ऑडियो में युवक पूरी रात क्षेत्र में रहने की बात भी कहता सुनाई दे रहा है। फायरिंग के सीसीटीवी फुटेज और इस धमकी भरे ऑडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, वायरल ऑडियो और वीडियो की प्रामाणिकता तथा उनमें सुनाई दे रही आवाज और दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।नगला मोहनलाल में हुई इस वारदात ने क्षेत्र के पुराने खूनी विवादों की याद भी ताजा कर दी है। इससे पहले रंगबाजी और वर्चस्व की लड़ाई में राज चौहान की हत्या हो चुकी है।










